WC News Desk: बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। वह 72 साल की थीं। सरोज को सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के बांद्रा में स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले ही उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, जो नेगेटिव आया था। जानकारी के मुताबिक आज रात 1.52 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। मुंबई के चारकोप कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

सरोज के निधन पर कोरियोग्राफर-डायरेक्टर रेमो डिसूजा ने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सरोज खान के साथ अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ”मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मुझे आपके साथ डांस करने का मौका मिला। मुझे इतना सबकुछ सिखाने के लिए आपको दिल से शुक्रिया। आपको हमेशा याद किया जाएगा। आप हमेशा हमारे दिल में हैं।”

सरोज खान डायबिटीज और इससे संबंधित बीमारियों से जूझ रही थीं। इस वजह से उन्होंने बीच में अपने काम से एक लंबा ब्रेक लिया था। साल 2019 में उन्होंने ‘कलंक’ और ‘मणिकर्णिकाः द क्वीन ऑफ झांसी’ में एक-एक गाने को कोरियॉग्राफ किया था।

givni_ad1

गौरतलब है कि सरोज खान पिछले 40 साल में दो हजार से भी ज्यादा गानों को कोरियोग्राफ किया था। उनका असली नाम निर्मला किशनचंद्र संधु सिंह नागपाल था। बंटवारे के बाद उनका परिवार भारत आ गया था। उन्होंने तीन साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट श्‍यामा नाम से डेब्यू किया था।

सरोज खान की शादी महज 13 साल की उम्र में हो गई थी। उन्होंने 43 साल के डांस मास्टर बी सोहनलाल से शादी करने के लिए इस्लाम कबूल कर लिया था। बी सोहनलाल की इससे पहले भी शादी हो चुकी थी, वह चार बच्चों के पिता थे।

By WC News

WC News is your news, entertainment, music fashion website. We provide you with the latest breaking news and videos straight from the entertainment industry.